राजस्थान के अलवर में नाबालिग दिव्यांग बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर सियासत शुरू हो गई है। बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर हमला बोला।
संबित पात्रा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राजस्थान की निर्भया आईसीयू में है और जीवन के लिए लड़ रही है, लेकिन यह जानकर आश्चर्य होता है जब यह घटना घट रही थी, तब प्रियंका गांधी राजस्थान में ही अपना बर्थडे मना रहीं थीं। वे पीड़िता से मिलने भी नहीं जा पाईं।
उन्होंने कहा कि गैर कांग्रेस शासित राज्यों में आपराधिक घटनाओं को लेकर श्रीमती गांधी और उनके भाई कांग्रेस सांसद राहुल गांधी राजनीतिक रोटियां सेंकने और पीड़ितों के साथ फोटो खिंचवाने तुरंत पहुंच जाते हैं लेकिन कांग्रेस के राज में ऐसी क्रूरतम और जघन्य दुष्कर्म की घटना को लेकर खामोश हो जाते हैं।
दुष्कर्म मामले में BJP नेता मनजिंदर ने कांग्रेस और प्रियंका पर साधा निशाना, हम अल्पसंख्यक इसलिए दोनों चुप
पात्रा ने कहा,‘‘बीजेपी सांसदों और नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने की अपील लेकर श्रीमती गांधी से रणथम्बोर में मिलने का समय मांगा लेकिन उन्होंने समय नहीं दिया गया। श्रीमती गांधी ने अपनी ही पार्टी की अशोक गहलोत सरकार से इस मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कोई बातचीत नहीं की।’’
उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देती हैं लेकिन कांग्रेस शासित राज्य में लड़कियों की आवाज को दबा दिया जाता है। उनकी पीड़ा को नहीं सुना जाता। गौरतलब है कि मंगलवार को अलवर में एक मूक बधिर बच्ची के साथ दरिंदगी हुई। दुष्कर्म के बाद उसे ‘ओवरब्रीज’ से नीचे फेंक दिया गया। बच्ची की जान बचाने के लिए चिकित्सकों ने उसे अलवर से जयपुर रेफर किया जहां बुधवार को उसकी सर्जरी की गई।