राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश के बड़े अखबार समूह तथा न्यूज चैनल के कार्यालयों पर आयकर विभाग के छापों की आलोचना करते हुए इसे केंद्र सरकार द्वारा मीडिया को दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा की फासीवादी मानसिकता का परिचायक है। बता दें कि आयकर विभाग ने कर चोरी के आरोप में मीडिया समूह के जयपुर सहित विभिन्न शहरों में स्थित परिसरों पर गुरुवार को छापे मारे।
गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि अखबार समूह और न्यूज़ चैनल के कार्यालयों पर ‘इनकम टैक्स’ का छापा मीडिया को दबाने का एक प्रयास है। मोदी सरकार अपनी रत्तीभर आलोचना भी बर्दाश्त नहीं कर सकती है। यह भाजपा की फासीवादी मानसिकता है जो लोकतंत्र में सच्चाई का आइना देखना भी पसंद नहीं करती।’’ गहलोत ने कहा, ‘‘ऐसी कार्रवाई कर मोदी सरकार मीडिया को दबाकर संदेश देना चाहती है कि यदि गोदी मीडिया नहीं बनेंगे तो आवाज कुचल दी जाएगी।’’
दैनिक भास्कर अखबार और भारत समाचार न्यूज़ चैनल के कार्यालयों पर इनकम टैक्स का छापा मीडिया को दबाने का एक प्रयास है। मोदी सरकार अपनी रत्तीभर आलोचना भी बर्दाश्त नहीं कर सकती है। यह भाजपा की फासीवादी मानसिकता है जो लोकतंत्र में सच्चाई का आइना देखना भी पसंद नहीं करती है।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) July 22, 2021
बता दें कि इस मुद्दे पर कांग्रेस के कई बड़े नेता केंद्र की मोदी सरकार को घेरने में लगे हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हो या फिर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला सभी ने मोदी सरकार पर सवाल उठाए हैं और केंद्रीय एजेंसियों को अपने इशारों पर चलाने के लिए और राजनितिक हिट साधने के लिए इस्तेमाल करने के इल्जाम लगते रहे हैं। लेकिन इस बार केंद्र पर मीडिया को दबाने का आरोप लगाया गया है।