राजस्थान में श्रीगंगानगर के पदमपुर में रविवार को किसानों के खेल मेले के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, मेला देखने आए लोगों के ऊपर टीन शेड गिर गया। इस शेड पर चढ़कर मैच देख रहे सौ से ज्यादा लोग भी नीचे गिर गए। गृहमंत्रालय ने 17 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। इनमें से सात लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में अभी तक किसी के मौत की खबर नहीं है। प्रतियोगिता के दौरान अचानक हादसे होने के बाद भगदड़ मच गई।
राजस्थान प्रशासन की अनुमति के बिना प्रतियोगिता हो रही थी। पेड़ पर चढ़कर भी लोग प्रतियोगिता देख रहे थे। हादसे में घायल हुए लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। सीएम ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मंडी में किसानों का खेल मेला चल रहा था। इस दौरान ट्रैक्टरों की ताकत आजमाने की प्रतियोगिता चल रही थी। शाम को ट्रैक्टरों को एक दूसरे से जोड़ कर खींचने की प्रतियोगिता चल रही थी। इसी दौरान मंडी के शेड पर बड़ी संख्या में दर्शक बैठे थे। शेड इतने लोगों का भार सह नहीं पाया और वह ढह गया।
सीएम वसुंधरा राजे ने हादसे पर दुख जताते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं । प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 15000 के करीब लोग प्रतियोगिता देखने पहुंचे थे। टीन शीड के अचानक गिर जाने से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं? आखिर ऐसी खतरनाक प्रतियोगिता की मंजूरी कैसे दी गई?