राजस्थान में भाजपा ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियां लोगों तक पहुंचाने एवं संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए आज बूथ जनसम्पर्क अभियान की शुरुआत की।
प्रदेश भाजपा के मीडिया सम्पर्क विभाग प्रमुख आनन्द शर्मा ने बताया कि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने आज यहां पण्डित दीनदयाल उपाध्याय बूथ विस्तारक योजना के तहत इस अभियान की शुरूआत की।
दस से सत्रह सितम्बर तक चलने वाले इस अभियान के तहत श्री परनामी ने शास्त्री नगर स्थित वार्ड नम्बर 81 के बूथ संख्या 45 पर जाकर समस्त जानकारियां प्राप्त की एवं घर-घर जाकर केन्द्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों से जनता को अवगत कराया। इस अवसर पर उन्होंने बूथ की स्थिति का अवलोकन किया।
आनन्द शर्मा ने बताया कि अभियान में प्रदेश के पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, सांसद, विधायक, मण्डल अध्यक्ष सत्रह सितम्बर तक सम्पर्क अभियान में भाग लेकर केन्द, एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों से लोगों को अवगत करायेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने बगरू विधानसभा के बूथ संख्या 237, जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा ने विद्याधर नगर विधानसभा के वार्ड नम्बर नौ के बूथ संख्या 186 पर जाकर जनसम्पर्क किया।