उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से हैवानियत का ऐसा मामला सामने आया है जो प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए गए तमाम दावों को झुठलाती है। जिले में एक युवक ने पहले तो विधवा महिला के साथ बलात्कार का प्रयास किया। अपने मंसूबो में नाकामयाब रहने पर आरोपी महिला का कान चबा गया। आरोपी महिला का रिश्तेदार है और उसके पड़ोस में ही रहता है।
आरोपी की पहचान अशोक पटेल के नाम से हुई है। वह पिछले एक साल से लगातार महिला को कभी घर आकर तो कभी फोन पर परेशान करता था। लेकिन महिला ने रिश्तेदारी के चलते किसी से इसकी शिकायत नहीं की। इसका ही फायदा उठाकर आरोपी ने अपनी मंशा को अंजाम देने की कोशिश की।
बुधवार रात को आरोपी जबरन महिला के घर में घुस आया है जबरदस्ती करने लगा। इस दौरान महिला ने जमकर विरोध किया तो आरोपी बौखला गया और महिला की पिटाई करते हुए उसका एक कान भी चबा डाला जिससे महिला लहलुहान हो गई। इसके बाद भी हैवानियत पर उतरा आरोपी महिला पर पत्थरों से हमला करने लगा। महिला के शरीर पर कई चोटें आई हैं।
हमलों में घायल हुई महिला ने जब चीखना-चिल्लाना शुरू किया तो पड़ोसियों को घटनाक्रम की जानकारी मिली। इसके बाद महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज़ जारी है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी और महिला का पहले से संबंध रहा है और बुधवार रात किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया और नौबती मारपीट तक पहुंच गई।