समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तानाशाही से सरकार चलाकर भाजपा अपना लोकतंत्र चला रही है। अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि यहां किसी को अपनी बात कहने तक का अधिकार नहीं रह गया। जो बोलता है उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजा जा रहा है। पीलीभीत में वन्यजीवों के हमले से मरने वालों की सुध ही नहीं ली जा रही है। अब ऐसी सरकार को भगाने के लिए जिले जिले में जाकर संगठन को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने से पहले किसानों नौजवानों के लिए जो भी घोषणा की थी वह सब भूल गए। पेट्रोल और डीजल मंहगा हो गया तो बिजली की दरे ऐसी कर दी कि किसानों के साथ ही अन्य लोग भी दुखी है। पीलीभीत में हो रहे वन्यजीवों के हमले को लेकर कहा कि भाजपा के लोगों को कुछ नहीं दिख रहा है। बलरामपुर में 14 लोगों को बाघ ने मार दिया और पीलीभीत में भी कई लोगों की जान जा चुकी है। इन लोगों की भाजपा सुध नहीं ले रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा अपना लोकतंत्र चला रही है यहां पर उनके अलावा किसी को अपनी बात कहने का हक नहीं रह गया। विपक्ष के लोग बोले तो मुकदमा दर्ज कराया जा रहा। पास के ही शाहजहांपुर और रामपुर का मामला किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बदले की भावना से सपा सांसद आजम खां पर 80 मुकदमें दर्ज कराए है। बकरी चोरी का मुकदमा लिखाया गया। वहां के प्रशासन से पूछा तो वे बोल नहीं पाये।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भी भाजपा के सरकार का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कावड़ यात्रा में पुष्प वर्षा कराई जा रही जो एसपी और अधिकारी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का एक मात्र काम धर्म के नाम पर लोगों को भड़काना है और इसके अलावा कुछ नहीं है। यह भाजपा का राष्ट्रधर्म है और इसी को उसी को निभाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार को हटाने के लिए ही अब हर जिला में जाकर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच जाकर उनसे बात की जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि रोजगार अब तक किसी को नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जो डायल 100 की पुलिस जनमानस की सुरक्षा के लिए लगाई गई जो बेलगाम होकर उगाही कर रही है। किसानों को गन्ने का भुगतान नहीं हो पा रहा तो यूरिया खाद की ब्लैक हो रही है। इस दौरान पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद हेमराज वर्मा बदांयू के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव निर्वतमान जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव मौजूद रहे।
सपा प्रमुख रामपुर के दो दिन के दौरे के बाद रविवार को बरेली पहुंचने पर कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने देश और प्रदेश को चौपट कर दिया है। हर सेक्टर में गिरावट है इस सबके बावजूद सरकार सौ दिन का कार्यकाल पूरा होने का जश्न मना रही है। जो योजनाएं सपा सरकार ने शुरू किए थे उन्हें भी पूरा नहीं किया जा सका है। भाजपा सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करके देश की जनता को गुमराह कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की नीतियों ने व्यापार खत्म कर दिया। इन्फ्रास्ट्रक्चर गड़बड़ा गया। मंहगाई बढ़ गई। रूपया सबसे निचले स्तर पर है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिला है। उद्योग बंदी के कगार पर है। किसानों की मदद नहीं हो रही है। बिजली डीजल-पेट्रोल सब महंगा हो रहा और निर्यात खत्म है जबकि आयात बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जो सरकार कहती थी जीरो टॉलरेंस टू करप्शन पर जीरो टॉलरेंस टू लॉ ऐंड आर्डर उस सबका खुलासा हो गया है। अपराध इतना बढ़ा कि अपराधी जिसको चाहे उसको मार रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था धवस्त है और कोई सुरक्षित नहीं रह गया है। भ्रष्टाचार चरम पर है।
यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री कभी कहते हैं 50 लाख को नौकरी देंगे कभी 24 लाख को नौकरी देने की बात करते हैं। अब दो लाख को नौकरी देने की बात करने लगे हैं। बाबा को पता नहीं कि कितने लोग प्रदेश में बेरोजगार हैं। उनकी नीतियों से नौजवानों को रोजगार तो मिला नही उल्टे उनसे रोजगार और छिन गया है। उन्होंने आंवला के पथरी गांव के मृतक किसान कुवर पाल के परिवार को दो लाख रूपए की मदद की।
उन्होंने पीड़ित परिवार को 20 लाख रूपए की मदद दिए जाने की सरकार से मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कर्जमाफी का वादा किया लेकिन किसान आज भी कर्ज की वजह से आत्महत्या कर रहे है। बरेली दौरे से लखनऊ वापसी के बीच पीलीभीत में रूककर शाह जी मियां की दरगाह पर चादर भी चढ़ाई और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वे जोश खरोश के साथ 2022 में समाजवादी सरकार बनाने के लिए कमर कस लें। चुनाव पार्टी अपने बल पर ही लड़ेगी। समाजवादी अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष करते रहे हैं वे आगे भी करेंगें। भाजपा की जनविरोधी नीतियों से देश त्रस्त है। इन लोगों के पास अब गिने-चुने दिन ही रह गए हैं।