दिल्ली के मंगोलपुरी में मारे गए रिंकू शर्मा के लिए देश के ढाई हज़ार स्थानों पर विश्व हिंदू परिषद रविवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम करेगा। जिला से लेकर ब्लॉक मुख्यालयों पर आयोजन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिए जाएंगे। यह जानकारी बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक सोहन सिंह सोलंकी ने दी है।
विहिप के संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने घटना के बाद दिल्ली पुलिस की भूमिका पर बड़े सवाल उठाए है। कहा है कि पुलिस प्रशासन नाकामी छिपाने के लिए नई-नई कहानियां गढ़ रही है। यदि पुलिस प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई की होती तो रिंकू आज अपने परिवार के बीच होता। उन्होंने परिवार को समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। कहा है कि अविलंब न्याय के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई हो। परिवार को सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए। घटना की पुनरावृत्ति होने से रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।
उधर, राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि यह घटना दिल्ली पुलिस की अक्षमता का परिचायक है। दिल्ली पुलिस की नाकामी के कारण कानून-व्यवस्था बदतर है। पुलिस सक्रिय होती तो रिंकू शर्मा को जान न गंवानी पड़ती। रिंकू शर्मा की हत्या किए जाने के मामले में पांचवें आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद इस मामले को अपराध शाखा को सौंप दिया गया है।
रिंकू 25 वर्ष का था और वह लैब तकनीशियन के पद पर काम करता था। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात को रिंकू और आरोपी जन्मदिन पार्टी पर गए थे और वहां पर उनके बीच रोहिणी में उनकी खाने पीने की दुकानों को ले कर कुछ विवाद हो गया। पुलिस ने बताया कि इस दौरान उन्होंने एक दूसरे से मारपीट भी और धमकी दी और पार्टी से चले गए। कुछ दिन पहले भी उनके बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।