डॉक्टर सुसाइड मामले की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। इस मामले में आरोपी आम आदमी पार्टी (आप) विधायक प्रकाश जारवाल और उसके साथी कपिल नागर को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। इसकी पुष्टि दक्षिणी जिले के डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने की। डीसीपी के मुताबिक, “दोनो के खिलाफ नेव सराय थाने में आत्महत्या को उकसाने व अन्य धाराओं में केस दर्ज था। इन दोनो के खिलाफ अदालत ने दो दिन पहले ही गैर जमानती वारंट जारी किये थे।”
बता दें, शनिवार को विधायक और उसके साथ आरोपी साथी कपिल नागर को पुलिस ने शाम के वक्त गिरफ्तार लिया था। रविवार को दोनो को पुलिस कस्टडी में अदालत में पेश किया गया। अदालत ने देर शाम अब से कुछ देर पहले ही दोनो आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
ज्ञात हो कि 18 अप्रैल को डॉक्टर राजेंद्र भाटी ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी की थी। दिल्ली पुलिस को डॉक्टर भाटी के घर से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसमें देवली से आप विधायक प्रकाश जारवाल का नाम था। सुसाइड नोट में मृतक डॉक्टर ने विधायक जारवाल और उनके सहयोगी पर धमकी देने का आरोप लगाया था।