राजधानी में अगले 4 दिन मौसम ठंडा रहेगा, दिल्ली वालों को उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली में गुरुवार को दोपहर बाद हल्की बारिश के साथ ही इसका एक और दौर शुरू होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अगले तीन दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है जब मानसून के कम दबाव का क्षेत्र उत्तर की ओर बढ़ेगा। बारिश के कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है।
राजधानी में गुरुवार को सुबह न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। राष्ट्रीय राजधानी में इस महीने अभी तक 243.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है, जो सितंबर की औसत वर्षा 129.8 मिमी से अधिक है। आमतौर पर सितंबर के पहले नौ दिनों में केवल 58.3 मिमी बारिश ही होती है।
दिल्ली में दो सितंबर को सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटों में 117.7 मिमी बारिश दर्ज की गयी, जो 19 वर्षों में सितंबर में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है। वहीं 11 सितंबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। जैसे 12 को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और 13 व 14 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक रहेगा।