नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। श्रमशक्ति भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान सीएम केजरीवाल ने केन्द्रीय मंत्री से दिल्ली के लिए वाटर एलोकेशन बढ़ाने की बात कही। सीएम ने कहा कि 1996 में पहली बार दिल्ली के लिए वाटर एलोकेशन तय हुआ था। 1996 से लेकर अब तक दिल्ली की हिस्सेदारी नहीं बढ़ाई गई है।
जबकि तब से लेकर अब तक दिल्ली की आबादी तकरीबन दो गुनी हो गई है इसलिए इस हिस्सेदारी को तुरंत बढ़ाया जाना चाहिए। केजरीवाल ने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि दिल्ली की पानी की जरूरतों को 1996 में तय किया गया था जब दिल्ली की जनसंख्या 1.25 करोड़ थी। पिछले 23 साल के दौरान दिल्ली का बहुत विस्तार हुआ। यहां आबादी बहुत बढ़ी है इसलिए दिल्ली की पानी की जरूरतों को देखते हुए ये हिस्सेदारी बढ़ाई जानी चाहिए।
केजरीवाल ने ये भी कहा कि सिंचाई के लिए पानी के ऊपर पीने के लिए पानी को हर हाल में तवज्जो दिया जाना चाहिए। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से दिल्ली सरकार की यमुना फ्लड प्लेन में जल-संचयन वाली महत्वाकांक्षी परियोजना को जरूरी मंजूरी देने की अपील भी की। सीएम कहा कि बैठक के दौरान ये भी बताया कि बारिश के दौरान अगर एक दिन का पानी यमुना फ्लड प्लेन में इकट्ठा कर लिया जाएगा तो आधे साल की दिल्ली की पानी की जरूरतें पूरी हो जाएंगी।