तमिलनाडु में चक्रवात गज से हुए नुकसान के आंकलन के लिए नियुक्त केंद्रीय टीम ने शनिवार को यहां मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी के साथ चर्चा की और बाद में पुदुकोट्टई जिले के चक्रवात प्रभावित इलाकों में अपना मुआयना शुरू किया। इस सात सदस्यीय टीम का नेतृत्व केंद्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी डेनियल ई. रिचर्ड कर रहे हैं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक टीम के सदस्यों ने सचिवालय में आज सुबह मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके साथ चर्चा की। इसके बाद वे पुदुकोट्टई गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि टीम ने अपने मुआयने के पहले दिन खड़ी फसल, केले की खेती, मकानों और बिजली के बुनियादी ढांचों को पहुंचे नुकसान का जायजा लिया।
NDA में हैं, मगर अपमान नहीं सह सकते : उपेंद्र कुशवाहा
उन्होंने बताया कि राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने नुकसान के बारे में टीम को जानकारी दी। लोकसभा के डिप्टी स्पीकर एम थंबीदुरई और स्वास्थ्य मंत्री सी विजयभास्कर भी इस मौके पर उपस्थित थे।
टीम ने पुदुकोट्टई जिले में कई इलाकों का जायजा लिया। इसके सोमवार को नागपट्टनम का दौरा करने की उम्मीद है। टीम के पांच सदस्य दिल्ली से कल यहां पहुंचे, जबकि दो सदस्य यहीं मौजूद थे। टीम के अपना आकलन तीन दिनों में पूरा करने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री से अपनी मुलाकात के दौरान पलानीस्वामी ने चक्रवात प्रभावित राज्य में राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्रीय सहायता के तौर पर करीब 15,000 करोड़ रूपये की मांग की थी। उन्होंने नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री से एक केंद्रीय टीम नियुक्त करने का भी अनुरोध किया था। चक्रवात में 63 लोगों की जान गई है। नगापत्तनम, तिरूवरूर, तंजौर और पुदुकोट्टई सर्वाधिक प्रभावित जिले हैं।