पश्चिमी दिल्ली : सृष्टि की शुरुआत से लेकर सिकंदर तक हिंदू सुरक्षित था, स्वाभिमान से जीता था। राजाओं की लड़ाई होती थी। किसी राजा की सेना किसी का अपहरण नहीं करती थी, आबरू नहीं लूटती थी, घर नहीं लूटती थी, आंतरिक्ष सुरक्षा भी थी। राजसत्ता पलट जाती थी लेकिन जनता पर कोई असर नहीं पड़ता था। हमारे पुरखों की समृद्धि थी। यह समृद्धि व्यापार से आती थी। उन्होंने गीत, संगीत, नृत्य और साहित्य का भी सृजन किया। दुनिया में हिंदू ही हर क्षेत्र में आगे था। लेकिन आज हर क्षेत्र में लास्ट है। उक्त बातें विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने एक कार्यक्रम के दौरान कही। मौका था ईस्ट पंजाबी बाग में एक मुट्ठी अनाज के उद्घाटन का। इस दौरान तोगडि़या मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में रोजाना 19 करोड़ लोग भूखे पेट सो जाते हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य देश में लाखों भूखे हिंदुओं को अन्न पहुंचाने का है। ताकि देश में कोई भी हिंदू भूखा न रहे। उन्होंने इसके लिए हिन्दू हेल्प लाइन के माध्यम से एक मुट्ठी अनाज अभियान शुरू किया। कार्यक्रम में तोगडि़या ने गौ सुरक्षा, राम मंदिर, रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि रेलवे में 95 हजार पदों के लिए लगभग दो करोड़ आवेदन किए गए हैं। इससे देश में बेरोजगारी के स्तर का पता चलता है। उन्होंने कहा कि देश में सभी प्रकार के बेरोजगारों का आंकड़ा 20 करोड़ के पार है। उन्होंने व्यापारियों का भी मुद्दा उठाया।
तोगडि़या ने कहा कि राम मंदिर के संबंध में जन जागरण लाने के लिए गुजरात के 12 हजार गांवों में घूमा। मकसद था कि पूर्ण बहुमत की सरकार आएगी और चुटकियों में राम मंदिर का सपना साकार होगा। देश में कॉमन सिविल कोड आ जाएगा। गौ सुरक्षा कानूना बन जाएगा। लेकिन हम तो सपनों में जी रहे थे। अब हमें कोर्ट का ज्ञान दिया जा रहा है। उन्होंने मोदी सरकार का नाम लिए बिना ही हमला बोला और कहा कि राम मंदिर के संबंध में कोर्ट का ज्ञान क्या नवाज शरीफ से मिला? उन्होंने कहा कि यदि कोर्ट से ही राम मंदिर का हल निकलना था तो कार सेवा निकालने व मंदिर निर्माण के लिए जन आंदोलन की क्या जरूरत थी। उन्होंने कहा कि देश में बहुत बड़ा षडयंत्र आकार ले रहा ताकि अयोध्या में राम मंदिर नहीं बाबरी मस्जिद बने।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।