नई दिल्ली : भाजपा और कांग्रेस शासित राज्यों में डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम में भ्रष्टाचार होने कि वजह से वहां बिजली कटौती होती है। दोनों दल बिजली कंपनियों के साथ मिलकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने राज्यों की बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा और कांग्रेस पर यह आरोप लगाया है।
पार्टी मुख्यालय में सोमवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली मे अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आप की एक इमानदार सरकार है। सीएम केजरीवाल की सकारात्मक नीतियों कि वजह से न सिर्फ बिजली विभाग में भ्रष्टाचार खत्म हुआ है बल्कि दिल्लीवासियों को 24 घंटे बिजली भी दी जा रही है। वहीं भ्रष्टाचार की वजह से भाजपा और कांग्रेस शासित राज्यों में बिजली की क्षति दिल्ली की अपेक्षा कई गुना ज्यादा है।
सिंह ने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार बनने से पहले विद्युत वितरण प्रणाली में बहुत सारी खामियां थीं। पुरानी सरकारें डिस्कॉम के साथ मिलकर भ्रष्टाचार करती थीं, कागजों में डिस्कॉम को घाटा दिखाया जाता था इसीलिए प्रतिवर्ष बिजली के दाम बढ़ा दिये जाते थे और दिल्ली में 6 से 8 घंटों का बिजली कट लगाया जाता था।
लेकिन केजरीवाल सरकार ने डिस्कॉम पर दबाव बनाया जिसके चलते दिल्ली में अब 24 घंटे सबसे सस्ते दामों पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। आप नेता राघव चड्ढ़ा ने कहा कि यदि दिल्ली में बिजली का लॉस आठ प्रतिशत से कम पर लाया जा सकता है तो भाजपा और कांग्रेस शासित प्रदेशों में यह 31, 34 और 23 प्रतिशत क्यों है? यह लॉस कम क्यों नहीं हो रहा?