कैथल : इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने आज दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब हरियाणा में फिर सत्ता में नहीं आने वाली और किसानों की एकमात्र उम्मीद इनेलो है। पेरोल पर आये श्री चौटाला ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सतुलज यमुना जोड़ नहर पर सर्वोच्च न्यायालय के हरियाणा के पक्ष में फैसले के बावजूद नहर का कार्य शुरू नहीं किया जा रहा।
उन्होंने कहा कि भाजपा हो या कांग्रेस जनविरोधी पार्टियां हैं औैर उन्होंने किसानों की समस्याएं सुलझाने के लिए कुछ नहीं किया जबकि गलत सरकारी नीतियों के कारण किसान गंभीर संकट झेल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि लोग परिवर्तन चाहते हैं और उनकी एकमात्र उम्मीद इनेलो है जिसने ताऊ देवी लाल के मार्गदर्शन में आम आदमी और किसानों के हित में कई योजनाएं लागू की थीं। श्री चौटाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने उन्हें‘साजिश रचकर’जेल भेजा क्योंकि उन्होंने बेरोजगार युवाओं को नौकरियां दिलाई थीं। इनेलो प्रमुख ने स्पष्ट किया कि जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकट के समय पार्टी का साथ छोड़ था, उन्हें पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।