जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में नेशनल हाईवे पर दो बसों और एक कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। इन बसों में पहलगाम जा रहे अमरनाथ यात्री सवार थे। इस हादसे में कुल 18 श्रद्धालु घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब 7:20 बजे चंदेरकोट लंगर पॉइंट के पास हुई , जिसके बाद घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
दो बसों की टक्कर के बीच कार भी क्षतिग्रस्त
न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, सोमवार सुबहचंदेरकोट लंगर पॉइंट के पास ये हादसा हुआ। रामबन के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अलयास खान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जेकेआरटीसी (JKRTC) की दो बसों के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इसकी चपेट में आई एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल श्रद्धालुओं को पहुंचाया गया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलने पर जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थानीय प्रशासन, सीआरपीएफ (CRPF), सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य किया। सभी सुरक्षा बालों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बसों और कार से श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला। उन्हें बिना किसी देरी के पास के कैंप में ले जाया गया। वहां मेडिकल टीम ने थमिक चिकित्सा दी, इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और उन्हें दूसरे काफिले में भेजा जा रहा है।
यात्रा मार्ग पर बढ़ाई गई सुरक्षा और निगरानी
इस भीषण हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। अमरनाथ यात्रा के काफिले को बिना किसी बड़ी रुकावट के आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया। इसके तुरंत बाद रास्ता साफ कराकर यातायात फिर से सामान्य कर दिया गया। इसके साथ ही, यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और निगरानी को और बढ़ा दिया गया है ताकि आगे की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित हो और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।






















