भोपाल से बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर एक बार फिर विवादों में आ गई है। दिल्ली से भोपाल आते वक्त विमान में बैठी प्रज्ञा ठाकुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें उन्हें फ्लाइट में बैठे यात्रियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। वायरल हो रहे वीडियो में एक यात्री उनसे कहता है कि उन्हें शर्म आनी चाहिए कि आप इस तरह का बर्ताव कर रही हैं।
वहीं कांग्रेस भी इस विवाद को लेकर प्रज्ञा ठाकुर पर निशाना साधा। पार्टी के प्रवक्ता जाफर सैयद ने घटनाक्रम का वीडियो साझा करते हुए कहा है कि सांसद ठाकुर ने अपनी सुविधा के लिए 50 यात्रियों को परेशानी में डाला। कांग्रेस प्रवक्ता और मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष जाफर सैयद ने सोमवार को अपने ट्वीटर हैंडल पर हवाई जहाज के भीतर सांसद प्रज्ञा ठाकुर और यात्रियों के बीच सीट को लेकर हो रहे विवाद का वीडियो साझा किया है।
This wins the Internet:pic.twitter.com/4KFpDpbJYM
— santhoshd (@santhoshd) December 22, 2019
इस वीडियो में सांसद और यात्रियों के बीच बहस हो रही है। वीडियो का हवाला देते हुए सैयद ने कहा कि सांसद ठाकुर से यात्रियों ने कहा कि आपको शर्म आनी चाहिए। इस यात्रा के दौरान सांसद ठाकुर ने अपनी व्यक्तिगत सुविधा के लिए हवाई जहाज में सफर कर रहे 50 यात्रियों को परेशानी में डाला था।
जानकारी के अनुसार, बीजेपी सांसद निजी कंपनी के विमान से दिल्ली से भोपाल आ रही थीं। फ्लाइट में सीट को लेकर प्रज्ञा ठाकुर का क्रू मेंबर्स से विवाद हो गया। दरअसल वह इमरजेंसी सीट की मांग को लेकर प्लेन में ही धरने पर बैठ गईं। प्रज्ञा ठाकुर ने क्रू पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। उन्होंने एयरपोर्ट डायरेक्टर से इसकी शिकायत भी की।