सावन का व्रत महिलाओं से लेकर पुरुष सब लोग करते हैं। इस व्रत के दौरान बहुत सी ऐसी चीज़ें हैं, जिसे खाने से मना किया जाता है। कहा जाता है कि अगर आप अपना व्रत फल खाकर पूरा करते हैं, तो आपको भगवान शिव का आशीर्वाद मिलता है। अगर बात करें सिंघाड़े के आटे कि तो इसे व्रत में खाया जा सकता है। बहुत से लोग सावन या नवरात्री के समय इसकी पूरियां या पकौड़े, हलवा, रोटी बनाकर खाते हैं। अगर आप भी व्रत के समय सिंघाड़े के आटे से कुछ अलग बनाकर खाना चाहते हैं, तो आज हम आपको सिंघाड़े के आटे से पकौड़ा बनाने की रेसिपी बताएंगे, जिसे आप मिनटों में बनाकर तैयार कर सकते हैं। आइए देखते हैं इसे बनाने का तरीका और कुछ टिप्स।
सिंघाड़ा आटा पकौड़ा बनाने का तरीका

सामग्री
- सिंघाड़े का आटा – 1 कप
- आलू (पतले कटे हुए या उबले) – 2 मध्यम
- हरी मिर्च (बारीक कटी) – 2
- सेंधा नमक – स्वादानुसार
- काली मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- हरा धनिया – बारीक कटा हुआ
- तलने के लिए घी या मूंगफली का तेल
सिंघाड़ा आटा पकौड़ा बनाने की विधि

- इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरे में सिंघाड़े का आटा लें।
- फिर इसमें सेंधा नमक, काली मिर्च, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं।
- इसके बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल बना लें।
- अब घोल को 5 मिनट के लिए रख दें, ताकि आटा सेट हो जाए।
- इसके बाद घोल में कटे हुए आलू डालें और अच्छी तरह लपेट लें।
- अब एक कढ़ाई में घी या तेल डालकर गर्म करें।
- इसके बाद हाथ या चम्मच से थोड़ा-थोड़ा मिश्रण गरम तेल में डालें।
- अब धीमी आंच पर पकौड़ों को पलट-पलटकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।
- फिर इसे टिशू पेपर पर निकालकर हरी चटनी या दही के साथ सर्व करें।
पकौड़ा बनाने के लिए जरूरी टिप्स
- घोल न तो ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही ज्यादा गाढ़ा, वरना पकौड़े तेल ज्यादा सोखेंगे।
- अगर कच्चे आलू का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे बहुत पतला काटें ताकि वे तेल में आसानी से पक जाएं।
- आंच को धीमा रखें, तेज आंच पर पकौड़े बाहर से जल जाते हैं और अंदर से कच्चे रह जाते हैं।



Download Android App
Download iOS App




