देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आज जन्मदिन है। राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं में से एक मनमोहन सिंह रविवार को 89 साल के हो गए। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। पीएम मोदी ने जहां उनके स्वस्थ जीवन की कामना की वहीं, राहुल ने कहा कि कहा कि उन्हें देश के समक्ष मौजूद मुद्दों की बहुत अच्छी समझ है एवं उनसे काफी कुछ सीखा जा सकता है।
Birthday greetings to our former Prime Minister Dr. Manmohan Singh Ji. I pray for his long life and wonderful health.
— Narendra Modi (@narendramodi) September 26, 2021
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘एक दूरदृष्टा। एक समर्पित देशभक्त। अपनी बातों के पक्के। डॉ. मनमोहन सिंह आप ऐसे नेता हैं जिसका वाकई भारत हकदार है।’ पार्टी ने ट्वीट किया, ‘डॉ. मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई। कांग्रेस पार्टी एवं पूरे देश को आज एवं प्रतिदिन आपके योगदान पर गर्व होता है। आपने जो कुछ किया, उसके लिए आपको धन्यवाद।’ कांग्रेस ने कहा कि वित्त मंत्री के पद से लेकर प्रधानमंत्री तक, यहां तक कि आज भी, भारत की प्रगति के प्रति सिंह की अटूट प्रतिबद्धता से हर भारतीय को अकल्पनीय लाभ हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर लिखा- हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके लंबे जीवन और शानदार स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं। वहीं राहुल गांधी ने फेसबुक पर लिखा, ‘डॉ. मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की बधाई। वह निर्भीक एवं प्रतिभाशाली हैं तथा उनमें हमारे देश के समक्ष मौजूद मुद्दों की बहुत अच्छी समझ है। उनसे काफी कुछ सीखा जा सकता है।’ उन्होंने लिखा, ‘मैं उनकी (सिंह) अच्छी सेहत एवं खुशहाली की कामना करता हूं।’
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं– सचिन पायलट, मुकुल वासनिक, सलमान खुर्शीद आदि ने भी सिंह को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। गौरतलब है कि 1990 के दशक में आमूलचूल आर्थिक सुधार के जनक समझे जाने वाले मशहूर अर्थशास्त्री सिंह 10 साल तक प्रधानमंत्री रहे।