बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती का नाम दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सबसे ज्यादा लाइमलाइट में आया है। रिया को सुशांत की मौत के बाद लंबे टाइम तक सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है। इतने टाइम से अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से सुर्खियों में रहने वाली रिया चक्रवर्ती को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।
बतौर वीजे अपने करियर की शुरुआत करने वाली रिया चक्रवर्ती काफी टाइम से छोटे पर्दे से दूर हैं। जहां लोगों को ये लग रहा था कि रिया का एक्टिंग करियर खत्म हो गया है उनको चुनौती देते हुए अब एक्ट्रेस अपने धांसू कमबैक के लिए तैयार हैं। जी हां रिया चक्रवर्ती एमटीवी के मोस्ट पॉपुलर रियलिटी शो रोडीज के सीजन 19 में बतौर गेम लीडर के तौर पर नजर आने वाली हैं।
रोडीज के सीजन 19 को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी बज बना हुआ है। इस बार शो में प्रिंस नरूला और गौतम गुलाटी गेम लीडर के तौर पर दिखने वाले हैं। अब इन दोनों के बाद शो के तीसरे गेम लीडर के तौर पर रिया की एंट्री हो गई है। मेकर्स ने रिया चक्रवर्ती का प्रोमो वीडियो भी शेयर दिया है।
इस प्रोमो वीडियो में रिया चक्रवर्ती धमाकेदार एंट्री करती दिखाई दे रही हैं। खास बात ये है कि 3 साल बाद टीवी पर वापसी करने वाली रिया काफी बेखौफ नजर आ रही है। प्रोमो में रिया हेटर्स को चैलेंज देते हुए कह रही हैं कि आपको क्या लगा मैं वापस नहीं आऊंगी। डर जाऊंगी… डरने की बारी किसी और की है। मिलते हैं… ऑडिशंस पर।
रिया चक्रवर्ती की रोडीज में एंट्री से जहां उनके चाहने वाले खुश नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ लोग ऐसे भी है जिन्हें रिया का रोडीज में आना बिल्कुल पसंद नहीं आया है और वो लोग इसे लेकर शो के मेकर्स को बुरी तरह ट्रोल कर रहे हैं। यूजर्स का मानना है कि रोडीज को कंट्रोवर्सियल बनाने के लिए रिया को गैंग लीडर बनाया गया है। कुछ यूजर्स का कहना है कि रोडीज का ये सीजन फ्लॉप रहेगा।