आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर स्याही डालने वाली घटना से आक्रोशित पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राज्यव्यापी धरना प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे प्रदेश में सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन के माध्यम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा जिसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अब प्रदेश की सत्ता संभल नहीं रही है। आए दिन बेटियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाएं हो रही हैं। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार की बाढ़ आ गई है। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार को बर्खास्त कर, प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।
दूसरी तरफ आपको बता दें आम आदमी पार्टी की विधायक राखी बिड़लान ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश कि सरकार हाथरस में आरोपियों को बचा रही है और विपक्ष को दबा रही है। उनका कहना कि हाथरस की बेटी के घर कोई भी विपक्षी नेता जाता है, तो उस पर उत्तर प्रदेश पुलिस लाठी बरसाती है। दुष्कर्मियों के लिए फांसी की सजा की मांग करनेवाले पर ही 14-14 एफआइआर दर्ज हो जाती है। आपको बता दें यह बात उन्होने पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही थी।