बेंगलुरु: कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की परीक्षा होने वाली है, क्योंकि आज यानी शनिवार को तीन लोकसभा और दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान (Karnataka By Polls) हो रहा है। इन चुनाव के नतीजों का असर राज्य के राजनीतिक परिदृश्य पर पड़ने की संभावना है। चुनाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला करने वाले गठबंधन के दोनों भागीदारों ने इसे मई 2019 आम चुनाव का आगाज करार दिया है और राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के खिलाफ इसी तरह के महागठबंधन का आह्वान किया है। तीन लोकसभा सीटों- बल्लारी, शिवमोगा और मांड्या के साथ ही रामनगर और जामखंडी विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को मतदान होगा। करीब 6,450 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और कुल 54,54,275 योग्य मतदाता हैं। सभी पांच निर्वाचन क्षेत्रों में मुकाबले में कुल 31 उम्मीदवार हैं। हालांकि, मुख्य मुकाबला कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन और भाजपा के बीच है।
कर्नाटक उपचुनाव Live Updates:
– कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा- मेरा बेटा शिमोगा से 101 प्रतिशत चुनाव जीतने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम बेल्लारी और जामखांडी में जीत दर्ज करेंगे।
– कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और उनके बेटे बीएस राघवेंद्र ने शिमोगा के हुचार्य स्वामी मंदिर में की पूजा-अर्चना. बीएस राघवेंद्र शिमोगा से लड़ रहे हैं चुनाव।
Former Karnataka CM BS Yeddyurappa and his son BS Raghavendra visit Hucharaya Swamy Temple in Shimoga. BS Raghavendra is contesting from parliamentary constituency of Shimoga. pic.twitter.com/Mm6cE44UDB
— ANI (@ANI) 3 November 2018
– कर्नाटक में तीन लोकसभा और दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान शुरू. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था।
Karnataka: #Earlyvisuals from a polling station in Bellary; voting for three parliamentary constituencies — Bellary, Shimoga, Mandya and two legislative assembly constituencies—Jamkhandi, Ramanagaram began at 7 am today. pic.twitter.com/7tqZ1b6ou2
— ANI (@ANI) 3 November 2018
इससे पहले चुनाव के ठीक दो दिन पहले यानी गुरुवार को भाजपा को उस समय झटका लगा था, जब कर्नाटक के रामनगर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एल. चंद्रशेखर ने भाजपा का साथ छोड़ वापस कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इस संबंध में उन्होंने कहा था कि वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में वापस लौट आए हैं। रामनगर विधानसभा उपचुनाव तीन नवंबर को होना है। 49 वर्षीय चंद्रशेखर पहले कांग्रेस में थे। वह रामनगर उप चुनाव लड़ने के लिए 10 अक्टूबर को भाजपा में शामिल हुए थे।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा था, ”जब मैंने रामनगर से पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया तो भाजपा नेताओं ने मुझे समर्थन देने का वादा किया था। लेकिन (भाजपा नेताओं) में से कोई भी मेरा प्रचार करने के लिए आगे नहीं आया। इसलिए मैंने पार्टी छोड़कर वापस कांग्रेस में लौटने का फैसला किया है।” बता दें कि चंद्रशेखर मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी की पत्नी अनीता कुमारस्वामी (जेडीएस) के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे।
उप चुनाव से दो दिन पहले और उम्मीदवार द्वारा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद आए चंद्रशेखर के फैसले पर निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि उनका नाम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बरकरार रहेगा। बता दें कि आज होने वाले उपचुनावों के नतीजे छह नवंबर को आएंगे।