केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने जीका वायरस के मद्देनजर विशेषज्ञों का एक दल उत्तर प्रदेश के कानपुर भेजा है। मंत्रालय ने सोमवार के यहां बताया कि उत्तर प्रदेश में एक उच्च स्तरीय बहु विशेषज्ञ दल भेजा गया है जहां जीका वायरस रोग का एक मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के कानपुर में 57 वर्षीय एक पुरुष 22 अक्टूबर को जीका वायरस से संक्रमित पाया गया।
इस दल में राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और नयी दिल्ली के डॉ आरएमएल अस्पताल के एक कीटविज्ञानी, एक सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ और एक स्त्री रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। यह दल राज्य स्वास्थ्य अधिकारियों की जीका वायरस रोग की रोकथाम के उपाय करने में सहायता करेगा।
मंत्रालय ने कहा है कि यह दल राज्य के स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम करेगा और जमीनी स्थिति का जायजा लेगा। यह दल पूरी स्थिति का आकलन करेगा और उत्तर प्रदेश में जीका के प्रबंधन के लिए आवश्यक जन स्वास्थ्य उपायों की भी सिफारिश करेगा।
मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में SARS CoV 2 के डेल्टा वेरिएंट के मामले
बता दें कि मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में SARS CoV 2 के डेल्टा वेरिएंट के सबलाइन के मामलों का पता चलने के बाद भारत की कोरोना जीनोमिक निगरानी परियोजना हाई अलर्ट पर है। वहीं वैज्ञानिकों ने संकेत दिया है कि नया संस्करण डेल्टा स्ट्रेन की तुलना में अधिक संक्रामक और यहां तक कि अधिक घातक हो सकता है। नया संस्करण, जिसे AY 4.2 कहा जाता है, को अब यूके में ‘जांच के तहत संस्करण’ के रूप में घोषित किया गया है।