उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत के पहले दिन ही समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, पहले दिन सपा के विधायकों ने जमकर हंगामा किया है तथा पार्टी के महासचिव शिवपाल सिंह यादव की अगुवाई में यह प्रदर्शन किया गया। विधानसभा के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ सपा ने विरोध प्रदर्शन किया। शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में सपा विधायक धरने पर बैठ गए हैं। विधानसभा मार्शल ने मीडिया को हटने के लिए कहा है।
सपा चाहती है कि अधिक से अधिक सदन चले : शिवपाल
सपा के महासचिव शिवपाल ने कहा कि, सपा चाहती है कि अधिक से अधिक सदन चले। विधानसभा के बाहर सपा विधायक तख्तियां लेकर धरने पर बैठे हैं। भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। सपा के विधानसभा सदस्य चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास जाना चाहते थे। लेकिन उन्हें रोक दिया गया, विधायक स्लोगन लिखी हुई तख्तियां भी हाथ में लिए हुए थे।
विधानमंडल का बजट सत्र 6 मार्च तक चलेगा
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विधानमंडल के दोनों सत्रों को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए अभिभाषण पेश करेगी। योगी सरकार का वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट 22 फरवरी को विधानमंडल के दोनों सदनों में पेश किया जाएगा। विधानमंडल का बजट सत्र 6 मार्च तक चलेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि शनिवार को भी सत्र संचालित किया जाएगा। प्रतिदिन का एजेंडा उसी दिन समाप्त करना है इसलिए सदन की कार्यवाही देर शाम तक भी संचालित की जाएगी।